Chhattisgarh Foundation Day 2026 : छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई, लाल आतंक से मुक्ति के बाद नए युग में प्रवेश कर रहा प्रदेश
अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों का हो रहा निर्माण। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मिली ऐतिहासिक सफलता; वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ बनाने का आह्वान।

Chhattisgarh Foundation Day 2026 रायपुर, 1 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की स्थापना के 26 वर्ष पूरे होना हम सभी के लिए अत्यंत गौरव का अवसर है। इस विशेष अवसर पर उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी का पुण्य स्मरण करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ संकल्प से ही अलग छत्तीसगढ़ राज्य का सपना साकार हुआ था।
लाल आतंक से मुक्ति और शांति का नया दौर
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष का राज्योत्सव कई मायनों में बेहद ऐतिहासिक है। यह पहला राज्योत्सव है जब छत्तीसगढ़ लाल आतंक (नक्सलवाद) से मुक्त होकर शांति, विश्वास और विकास के नए युग की ओर अग्रसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प और डबल इंजन सरकार के प्रयासों से यह ऐतिहासिक सफलता संभव हुई है। उन्होंने इस उपलब्धि में वीर सुरक्षा जवानों के अदम्य साहस और बलिदान को भी नमन किया।
विकसित छत्तीसगढ़ 2047 का संकल्प
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के हर गांव में खुशहाली लाना, युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर देना और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि स्थापना दिवस के इस पावन अवसर पर सब मिलकर वर्ष 2047 तक एक समृद्ध, सशक्त और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प लें।


