छत्तीसगढ़

अमृत भारत’ के नाम पर बदहाली! उसलापुर स्टेशन पर बारिश में भीगते यात्रियों ने काटी रात, 5 घंटे लेट बरौनी एक्सप्रेस

बिलासपुर के उसलापुर स्टेशन पर सुविधाओं की खुली पोल; शेड के अभाव में रातभर परेशान हुए यात्री, गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस सुबह 7:30 बजे पहुंची

बिलासपुर/रायपुर, 10 अगस्त। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत आने वाले उसलापुर (बिलासपुर) रेलवे स्टेशन को ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त बनाने के बड़े-बड़े दावे तो किए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर यात्रियों को भारी बदहाली का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि उसलापुर स्टेशन पर ट्रेनों के इंतजार में पहुंचे यात्रियों को भीषण परेशानियों के बीच रतजगा करना पड़ा। शनिवार रात 2:20 बजे पहुंचने वाली गाड़ी संख्या गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से लगभग पांच घंटे की देरी से रविवार सुबह 7:30 बजे स्टेशन पहुंची, जिससे यात्री रातभर परेशान होते रहे।

ट्रेन की लेट-लतीफी के साथ ही स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का अभाव लोगों की फजीहत का बड़ा कारण बना। बारिश का मौसम होने के बावजूद प्लेटफॉर्म पर पर्याप्त शेड और बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यात्रियों को खुले आसमान के नीचे बारिश में भीगते हुए घंटों बिताने पड़े। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिला यात्रियों को पूरी रात खड़े होकर और भीगते हुए गुजारनी पड़ी। यात्रियों का आरोप है कि अमृत भारत योजना के नाम पर निर्माण कार्य तो चल रहे हैं, लेकिन वर्तमान में यात्रियों की मूलभूत सुविधाओं का जरा भी ध्यान नहीं रखा जा रहा है।

रेलवे प्रशासन द्वारा ट्रेनों की लेत-लतीफी पर कोई स्पष्ट जानकारी या वैकल्पिक व्यवस्था न मिलने से नाराज यात्रियों ने स्टेशन परिसर में गहरा रोष व्यक्त किया। बिलासपुर के मुख्य स्टेशन से दबाव कम करने के लिए उसलापुर स्टेशन से कई प्रमुख ट्रेनों का ठहराव और परिचालन शुरू किया गया है, लेकिन यात्री सुविधाओं का विस्तार न होने से यह स्टेशन अव्यवस्था का केंद्र बन गया है। दैनिक यात्रियों और स्थानीय नागरिकों ने रेल मंडल के अधिकारियों से मांग की है कि निर्माण कार्यों के दौरान यात्रियों के लिए वाटरप्रूफ शेड और पर्याप्त प्रतीक्षालय की तत्काल व्यवस्था की जाए।

Related Articles

Back to top button