छत्तीसगढ़

CM Vishnu Deo Sai: गृहग्राम बगिया में बैलों के साथ हल चलाते नजर आए मुख्यमंत्री, बोले- खेती मेरे लिए केवल आजीविका नहीं, जीवन का संस्कार

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर के गृहग्राम बगिया में बैलों के साथ हल चलाकर बियासी की। उन्होंने खेती को जीवन का संस्कार बताते हुए किसानों के परिश्रम को नमन किया।

रायपुर, 17 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का अपनी माटी और खेती-किसानी से गहरा जुड़ाव एक बार फिर देखने को मिला। मुख्यमंत्री आज सुबह जशपुर जिले के अपने गृहग्राम बगिया पहुंचे, जहां उन्होंने खेत में बैलों की जोड़ी के साथ पारंपरिक तरीके से हल चलाकर बियासी की। खेत में हल की मूठ थामते ही मुख्यमंत्री खेती-किसानी से जुड़ी अपनी पुरानी यादों में खो गए। उन्होंने कहा कि अपने गांव, माटी और खेत से जुड़ाव का सुख अलग ही होता है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वे किसान परिवार से आते हैं और बचपन से खेती-किसानी को करीब से देखा और अनुभव किया है। उनके लिए खेती केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि जीवन का संस्कार है। उन्होंने कहा कि गांव और खेतों ने उन्हें श्रम का सम्मान, प्रकृति के साथ सामंजस्य और अपनी जड़ों से जुड़े रहने की सीख दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान यहां की माटी, कृषि परंपरा और मेहनतकश अन्नदाता किसानों से है। प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक जीवन और अर्थव्यवस्था में खेती की महत्वपूर्ण भूमिका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक दौर में भी अपनी परंपराओं और जड़ों से जुड़े रहना जरूरी है। खेती हमें मेहनत, धैर्य और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि किसान केवल खेत में फसल नहीं उगाता, बल्कि अपने श्रम से पूरे समाज और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देता है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के अन्नदाता किसानों के परिश्रम को नमन करते हुए उनके जीवन में खुशहाली और खेतों में भरपूर फसल की कामना की।

Related Articles

Back to top button