CG News: झूलेलाल चौक नहरपारा में सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने फहराया तिरंगा: सौंदर्यीकरण के लिए शासन को भेजा गया प्रस्ताव
प्रस्ताव मंजूर न होने पर पार्षद निधि से होगा झूलेलाल चौक का कायाकल्प; पूर्व पार्षदों और गणमान्य नागरिकों की रही मौजूदगी

रायपुर, 17 अगस्त 2026 : राजधानी रायपुर के झूलेलाल चौक, नहरपारा में नगर निगम के सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने गरिमामय समारोह के बीच ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभापति ने क्षेत्र के विकास और सौंदर्यीकरण को लेकर महत्वपूर्ण बात कही। उन्होंने घोषणा की कि झूलेलाल चौक के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव शासन को स्वीकृति के लिए भेजा गया है। यदि शासन से यह प्रस्ताव मंजूर नहीं होता है, तो वे स्वयं और इंदिरा गांधी वार्ड के पार्षद अवतार बागल अपनी-अपनी पार्षद निधि से चौक का सौंदर्यीकरण कराएंगे।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व पार्षद रमेश आहूजा ने नहरपारा में कराए गए डामरीकरण कार्य के लिए सभापति और क्षेत्रीय पार्षद का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सुझाव देते हुए कहा कि जिस प्रकार प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को पत्र लिखने पर आठ दिनों के भीतर जवाब प्राप्त हो जाता है, ठीक उसी तरह की त्वरित कार्यप्रणाली और पारदर्शी व्यवस्था नगर निगम के जोन-2 कार्यालय में भी लागू की जानी चाहिए।
आयोजन को पूर्व पार्षद सुरेंद्र छाबड़ा और रज्जन श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर भावेश पिथलिया, मुखी हरनाम तलरेजा, अमर वलेचा, नत्थू धनवानी, नंदलाल छाबड़ा, आसनदास पिदवानी, नंदलाल खिलनानी, अनिल गंगवानी, महेश आहूजा, जयराम बठेजा, विजय मथानी, मनोज पंजवानी और वजीर मोटवानी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक और वार्डवासी उपस्थित रहे।



