अमित शाह से मिले सीएम विष्णुदेव साय: छत्तीसगढ़ में ‘अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान’ खोलने का रखा प्रस्ताव
बजट 2026 में घोषित 3 नए आयुर्वेद संस्थानों में से एक छत्तीसगढ़ को देने की मांग— औषधीय संपदा से समृद्ध बस्तर और मध्य भारत को मिलेगा बड़ा लाभ

Bol Bharat 24 News रायपुर। छत्तीसगढ़ को आयुर्वेद चिकित्सा, अनुसंधान और उच्च शिक्षा के एक राष्ट्रीय हब के रूप में विकसित करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से एक महत्वपूर्ण मुलाकात की। इस उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद थे। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री साय ने राज्य के विकास, जनहितकारी योजनाओं और बस्तर संभाग सहित दूरस्थ अंचलों में चल रहे अधोसंरचना विस्तार के कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही, उन्होंने छत्तीसगढ़ में ‘अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान’ (AIIA) की स्थापना का पुरजोर आग्रह किया।
केंद्रीय गृह मंत्री को सौंपे प्रस्ताव में मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय बजट 2026 में देश के भीतर तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान खोलने की घोषणा की गई है। छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों, घने जंगलों और दुर्लभ औषधीय वनस्पतियों के मामले में बेहद समृद्ध राज्य है। यहाँ के जनजातीय अंचलों में पारंपरिक औषधीय ज्ञान की एक लंबी विरासत मौजूद है। ऐसे में यदि बजट में घोषित तीन संस्थानों में से एक संस्थान छत्तीसगढ़ को मिलता है, तो यहाँ की दुर्लभ जड़ी-बूटियों पर वैज्ञानिक अनुसंधान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकेगा और पारंपरिक चिकित्सा पद्धति को आधुनिक पहचान मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि इस राष्ट्रीय संस्थान के खुलने से न केवल छत्तीसगढ़ के युवाओं को उच्च स्तरीय शोध और पढ़ाई के अवसर मिलेंगे, बल्कि इसका सीधा फायदा मध्य भारत के एक बड़े हिस्से और पड़ोसी राज्यों के नागरिकों को भी मिलेगा। नई दिल्ली और पणजी की तर्ज पर बनने वाले इस केंद्र से राज्य में स्वास्थ्य सुविधाएं और सुदृढ़ होंगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा विकास और जनकल्याण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग देने का पूरा आश्वासन दिया है।



