छत्तीसगढ़

Business News : छत्तीसगढ़ को बड़ी औद्योगिक सौगात, केंद्र ने राजनांदगांव में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (EMC 2.0) को दी मंजूरी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य को मिली सफलता; 9,000 रोजगार और ₹3,000 करोड़ से अधिक के निवेश का रास्ता साफ

रायपुर, 8 अगस्त। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार को औद्योगिक विकास और आईटी-इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में एक ऐतिहासिक सफलता मिली है। भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने राज्य के राजनांदगांव जिले के ग्राम पटेवा में ‘इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर’ (EMC 2.0) की स्थापना को विधिवत मंजूरी प्रदान कर दी है। इस महत्वाकांक्षी क्लस्टर परियोजना से राज्य में लगभग 9,000 से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।

राजनांदगांव के पटेवा में स्थापित होने वाले इस इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर से प्रदेश में लगभग ₹3,000 करोड़ से अधिक के भारी-भरकम पूंजी निवेश की मजबूत संभावना बन गई है। इस परियोजना के तहत इलेक्ट्रॉनिक्स घटकों, सेमीकंडक्टर, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और मोबाइल एसेसरीज के निर्माण से जुड़ी प्रमुख राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों को छत्तीसगढ़ में अपनी इकाइयां स्थापित करने के लिए विशेष रूप से आमंत्रित और आकर्षित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि को छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास के इतिहास में एक मील का पत्थर करार दिया। उन्होंने कहा कि EMC 2.0 परियोजना से न केवल स्थानीय स्तर पर रोजगार और कौशल विकास को नया आयाम मिलेगा, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था भी तेजी से मजबूत होगी। आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और प्लग-एंड-प्ले सुविधाओं से लैस यह क्लस्टर सेंट्रल इंडिया के प्रमुख आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स हब के रूप में छत्तीसगढ़ की पहचान को और अधिक सुदृढ़ करेगा।

Related Articles

Back to top button