केन्द्र प्रवर्तित योजनाओं के भुगतान में लाएं तेजी: मुख्य सचिव विकासशील ने दिए सख्त निर्देश
मंत्रालय में सीएसएस की समीक्षा बैठक; वेंडर्स और हितग्राहियों को समय पर भुगतान के लिए सिस्टम तैयार करने के आदेश

रायपुर, 11 अगस्त। छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने आज मंत्रालय (महानदी भवन) में राज्य के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित की जा रही केंद्र प्रवर्तित योजनाओं (CSS) की प्रगति की गहन समीक्षा की। उच्चस्तरीय बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी केंद्रीय योजनाओं के अंतर्गत आने वाले हितग्राहियों और वेंडर्स को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं से संबंधित सभी आवश्यक स्वीकृतियां निर्धारित समय सीमा के भीतर प्राप्त करने के लिए एक पारदर्शी और प्रभावी ‘सिस्टमैटिक सिस्टम’ तैयार किया जाए।
बैठक में केंद्र सरकार द्वारा संचालित ‘एस.एन.ए. स्पर्श’ (SNA Sparsh) डिजिटल प्रणाली की ऑन-बोर्डिंग स्थिति की विशेष रूप से समीक्षा की गई। उल्लेखनीय है कि एस.एन.ए. एक डिजिटल मैकेनिज्म है जिसके माध्यम से मनरेगा सहित विभिन्न केंद्रीय योजनाओं में पारदर्शी तरीके से फंड ट्रांसफर किया जाता है। मुख्य सचिव ने कहा कि इस प्रणाली से फंड के दुरुपयोग पर रोक लगेगी और पारदर्शिता बढ़ेगी। उन्होंने सभी विभागों को योजनाओं की ऑन-बोर्डिंग प्रक्रिया जल्द पूर्ण करने और लंबित भुगतानों के त्वरित निपटारे के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के दौरान वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव ने प्रस्तुतकीकरण के माध्यम से केंद्र प्रवर्तित योजनाओं की अद्यतन स्थिति का विवरण प्रस्तुत किया। इस महत्वपूर्ण बैठक में आदिम जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, खाद्य सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले, स्कूल शिक्षा सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, उद्योग सचिव रजत कुमार, कृषि सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, श्रम सचिव हिमशिखर गुप्ता, राजस्व सचिव शम्मी आबिदी और विशेष सचिव वित्त चंदन कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।



