CG News: कांकेर को मिली खेल अधोसंरचना की बड़ी सौगात: उप-मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया मिनी स्टेडियम और इनडोर हॉल का लोकार्पण
7 करोड़ से बना मल्टीपरपज मिनी स्टेडियम और 2.40 करोड़ का इनडोर हॉल समर्पित; तिरंगा यात्रा के समापन पर साव ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित

कांकेर/रायपुर, 11 अगस्त। कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री व उप-मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांकेर के मेलाभाठा के समीप लगभग 9.40 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित बहुउद्देशीय मिनी स्टेडियम एवं इनडोर हॉल का भव्य लोकार्पण किया। शहर में आयोजित तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर पहुंचे उप-मुख्यमंत्री ने खुद फुटबॉल में किक लगाकर खेल मैदान का औपचारिक शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि स्वाधीनता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों के सपनों को संजोकर रखने तथा देश को आत्मनिर्भर व विश्वगुरु बनाने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी युवा पीढ़ी के कंधों पर है।
नवनिर्मित खेल परिसर में लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मिनी स्टेडियम तैयार किया गया है, जिसमें फुटबॉल ग्राउंड, क्रिकेट बॉक्स, बास्केटबॉल कोर्ट, रनिंग ट्रैक और नेट प्रैक्टिस की आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं। वहीं 2.40 करोड़ रुपये की लागत से बने बहुउद्देशीय इनडोर हॉल में बैडमिंटन कोर्ट, टेबल टेनिस, कुश्ती और आउटडोर जिम की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आधुनिक कॉम्प्लेक्स कांकेर अंचल की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में मील का पत्थर साबित होगा।
कार्यक्रम में कांकेर विधायक आशाराम नेताम, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक और कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर भी उपस्थित रहे। लोकार्पण समारोह के पश्चात ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत उप-मुख्यमंत्री अरुण साव व अन्य अतिथियों ने स्टेडियम परिसर में नारियल के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इस उपलब्धि को कांकेर शहर के लिए एक बड़ा ऐतिहासिक कदम बताया, जिससे स्थानीय युवाओं व खिलाड़ियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।



