IHFF Sheru Classic 2026:- अबूझमाड़ की बेटी खुशबु नाग की ऐतिहासिक जीत पर केदार कश्यप ने दी बधाई, कहा— बेटियां आज हर मंच पर रच रही हैं सफलता की नई गाथा
भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक और ओवरऑल चैंपियन बनकर बढ़ाया बस्तर और छत्तीसगढ़ का मान

रायपुर। अबूझमाड़ की प्रतिभाशाली बेटी खुशबु नाग ने नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित प्रतिष्ठित IHFF Sheru Classic 2026 प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक एवं ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम कर इतिहास रच दिया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे नारायणपुर, बस्तर अंचल और छत्तीसगढ़ में हर्ष का वातावरण है।
प्रदेश के वन, जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा नारायणपुर विधायक केदार कश्यप ने सोशल मीडिया के माध्यम से खुशबु नाग को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
केदार कश्यप ने कहा कि अबूझमाड़ जैसे दूरस्थ अंचल से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में सर्वोच्च सम्मान प्राप्त करना अत्यंत गौरव और प्रेरणा का विषय है। खुशबु नाग की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ संकल्प, अथक परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि आज हमारी बेटियां शिक्षा, खेल, कला, विज्ञान और अन्य सभी क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। खुशबु नाग ने अपनी उपलब्धि से न केवल अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित किया है।
केदार कश्यप ने विश्वास व्यक्त किया कि खुशबु नाग आने वाले समय में और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर देश एवं प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी रोशन करेंगी। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह सफलता हजारों युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
“अबूझमाड़ की बेटी ने यह सिद्ध कर दिया है कि प्रतिभा और मेहनत के सामने कोई दूरी, कोई चुनौती और कोई परिस्थिति बाधा नहीं बन सकती।”



