छत्तीसगढ़

Infrastructure Development: पीडब्ल्यूडी सचिव ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश: मार्च 2027 तक पूरे हों रायपुर परिक्षेत्र के सभी निर्माण कार्य, लापरवाह ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट

लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने गुणवत्ता, समय-सीमा और नियमित भुगतान पर दिया जोर, रायपुर मंडल के संभागों के पुनर्गठन के निर्देश

रायपुर, 12 अगस्त 2026 : लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने आज नवा रायपुर स्थित पीडब्ल्यूडी मुख्यालय ‘निर्माण भवन’ में रायपुर परिक्षेत्र के सभी संभागों में निर्माणाधीन सड़कों और भवनों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वर्ष 2024-25 तक स्वीकृत और प्रगतिरत सभी निर्माण कार्यों को हर हाल में 31 मार्च 2027 तक पूर्ण किया जाए। विभागीय सचिव ने स्पष्ट किया कि फील्ड विजिट और साइट का निरीक्षण करने के बाद ही निर्माण कार्यों के प्राक्कलन (एस्टीमेट) तैयार किए जाएं। इसके साथ ही कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा में लापरवाही बरतने या निर्धारित टाइम-लाइन के अनुसार काम न करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट कर आगामी निविदाओं के लिए अपात्र घोषित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान प्रशासनिक कसावट और बेहतर मॉनिटरिंग के उद्देश्य से रायपुर और नवा रायपुर क्षेत्र के रायपुर मंडल क्रमांक-1 के चारों संभागों को पुनर्गठित कर कार्यक्षेत्रों का नए सिरे से विभाजन करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा, एक ही टेबल पर तीन वर्षों से अधिक समय से कार्यरत अधिकारियों व कर्मचारियों की सूची तैयार कर 30 सितंबर तक नई पदस्थापना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सचिव ने पीडब्ल्यूडी-आईएमएस (PWD-IMS) पोर्टल में विभाग के सभी कार्यों की प्रविष्टि 31 अगस्त तक पूर्ण करने और वित्तीय वर्ष 2025-26 व 2026-27 के प्राथमिकता वाले नए कार्यों के एस्टीमेट भी इसी समय-सीमा में जमा करने को कहा।

सार्वजनिक सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए विभाग ने चालू मानसून सीजन में सड़कों की पैच रिपेयरिंग और गड्ढा भरने के कार्य तत्काल करने के निर्देश जारी किए हैं। ठेकेदारों को नियमित भुगतान और कार्यपूर्णता के बाद तीन महीने के भीतर फाइनल बिल तैयार करने के लिए प्रमुख अभियंता को विशेष एसओपी (SOP) बनाने को कहा गया है। बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, मुख्य अभियंता पी.एम. कश्यप, टी.आर. कुंजाम तथा अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव सहित रायपुर परिक्षेत्र के सभी 9 संभागों के कार्यपालन अभियंता और अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button