Folk Culture: किसानों की समृद्धि से ही समृद्ध होगा छत्तीसगढ़: राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के गृह प्रवेश में पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
हरेली के अवसर पर नवा रायपुर में राजस्व मंत्री के नए शासकीय आवास का गृह प्रवेश, मुख्यमंत्री ने दी बधाई और अच्छी फसल की कामना की

रायपुर, 12 अगस्त 2026 : छत्तीसगढ़ के प्रथम लोक पर्व हरेली तिहार के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय नवा रायपुर स्थित राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के नवीन शासकीय आवास के गृह प्रवेश समारोह एवं हरेली उत्सव में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने मंत्री टंकराम वर्मा तथा उनके परिजनों को नए आवास की बधाई देते हुए उनके सुखी एवं समृद्ध जीवन की कामना की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी विशेष रूप से मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेली जैसे शुभ दिन पर गृह प्रवेश का आयोजन इस पर्व के उल्लास को और भी खास बना देता है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि किसान राज्य की प्रगति की मुख्य धुरी हैं और किसानों की समृद्धि में ही छत्तीसगढ़ की खुशहाली निहित है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य में 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। उन्होंने बल दिया कि अन्नदाता के आर्थिक रूप से सशक्त होने से ही विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण को गति मिलेगी।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी प्रदेशवासियों को हरेली की बधाई देते हुए कहा कि इस पर्व के साथ ही राज्य में तीज-त्योहारों का दौर शुरू हो जाता है। समारोह में भक्ति का रंग तब और गहरा हो गया जब राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने स्वयं राम भजन की संगीतमय प्रस्तुति दी। इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव सहित कई मंत्री, विधायक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



