बड़ी रेल सौगात, सांसद ज्योत्सना महंत ने उठाई शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस विस्तार की मांग
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को लिखा पत्र, कहा- ट्रेन के विस्तार से सीमावर्ती क्षेत्रों के लाखों यात्रियों को होगा लाभ

मनेंद्रगढ़। कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना महंत ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस ट्रेन का विस्तार मनेंद्रगढ़ तक करने की मांग की है। सांसद ने कहा कि इस पहल से छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के लाखों यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
सांसद ने अपने पत्र में बताया कि वर्तमान में शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस शहडोल रेलवे स्टेशन पर लगभग सात घंटे तक खड़ी रहती है। इस समय का उपयोग करते हुए ट्रेन का परिचालन मनेंद्रगढ़ तक बढ़ाया जा सकता है। इससे रेलवे के संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा भी मिलेगी।
ज्योत्सना महंत ने रेल मंत्री से जनहित को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि ट्रेन के विस्तार से मनेंद्रगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को लंबी दूरी की यात्रा में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।



