छत्तीसगढ़

Bridge Construction: महाअष्टमी पर चलगली क्षेत्र को सौगात, मोरन नदी पर ₹5.91 करोड़ से बनेगा उच्चस्तरीय पुल

महाअष्टमी पर मंत्री रामविचार नेताम ने कपिलदेवपुर में मोरन नदी पर 5.91 करोड़ रुपये के उच्चस्तरीय पुल का भूमिपूजन किया। इससे 15 से 20 हजार ग्रामीणों को लाभ मिलेगा।

Bridge Construction रायपुर, 18 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के जनजातीय कार्य मंत्री रामविचार नेताम ने महाअष्टमी के अवसर पर ग्राम कपिलदेवपुर में मोरन नदी पर बनने वाले उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग का भूमिपूजन किया। लोक निर्माण विभाग के सेतु संभाग, अंबिकापुर द्वारा कपिलदेवपुर-बसेरा मार्ग पर इस पुल का निर्माण कराया जाएगा। परियोजना के लिए 591.04 लाख रुपये यानी लगभग 5.91 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। पुल 144 मीटर लंबा और 8.40 मीटर चौड़ा होगा, जिसमें 24-24 मीटर के छह स्पैन बनाए जाएंगे। इसकी मजबूती के लिए पाइल फाउंडेशन तकनीक अपनाई जाएगी तथा दोनों छोरों पर कुल 271 मीटर पहुंच मार्ग बनाया जाएगा। इससे चलगली क्षेत्र के 12 से 15 गांवों के लगभग 15 से 20 हजार ग्रामीणों को लाभ मिलेगा और जिला मुख्यालय बलरामपुर पहुंचने की दूरी करीब 15 किलोमीटर कम हो जाएगी।

मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि पुल बनने से ग्रामीणों को आवागमन के साथ आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और रोजगार तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि चलगली-रामानुजगंज सड़क को स्वीकृति मिल चुकी है और निविदा प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण शुरू होगा। चलगली को बलरामपुर और वाड्रफनगर से बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सीसी रोड, पंचायत विकास कार्य, छात्राओं के लिए अलग शौचालय और मुक्तिधाम निर्माण को प्राथमिकता देने की बात कही। साथ ही महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की सहायता, किसानों को वैज्ञानिक खेती और पशुपालन अपनाने तथा स्व-सहायता समूहों को सब्जी उत्पादन, मुर्गी पालन, बकरी पालन और ‘ड्रोन दीदी’ जैसी पहलों से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button