Municipal Corporation Action: नगर निगम जोन 8 में अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, रायपुरा में 2204 वर्गफीट का अवैध निर्माण ढहाया
निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर हुई कड़ी कार्रवाई; ग्रीन नेट न लगाने और सड़क बाधा पर वसूला गया 8500 रुपये का चालान।

रायपुर। राजधानी रायपुर के नगर पालिक निगम जोन 8 अंतर्गत वार्ड क्रमांक 69 (माधव राव सप्रे वार्ड) क्षेत्र के रायपुरा में अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के स्पष्ट निर्देशों के बाद जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल के मार्गदर्शन में निगम की टीम ने मौके पर पहुँचकर लगभग 2204 वर्गफीट में बिना अनुमति किए जा रहे अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान नगर निगम की नगर निवेश शाखा और तकनीकी टीम सक्रिय रही। कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा, सहायक अभियंता अमन चंद्राकर, अनुराग पाटकर तथा उप अभियंता लोचन चौहान की मौजूदगी में दलबल के साथ अवैध निर्माण को पूरी तरह से तोड़ने की प्रक्रिया पूरी की गई। निगम प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि शहर में बिना स्वीकृति के किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसके साथ ही, जोन 8 क्षेत्र के अन्य वार्डों में भी अभियान चलाकर निर्माणाधीन भवनों में ग्रीन नेट न लगाने, सी एंड डी वेस्ट (मलबा) सड़क पर फैलाने और सड़क बाधा उत्पन्न करने वालों पर सख्त रुख अपनाया गया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले भवन स्वामियों और ठेकेदारों से मौके पर ही 8,500 रुपये का ई-चालान काटकर जुर्माना वसूला गया। नगर निगम द्वारा आगे भी शहर भर में इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही गई है।



