Municipal Corporation Jal Samvad: रायपुर नगर निगम में ‘कैच द रैन’ अभियान पर जल संवाद, भू-जल संचयन के लिए वैज्ञानिक तकनीक पर जोर
NIUA के उत्सव चौधरी ने रायपुर में रैन वॉटर हार्वेस्टिंग के कार्यों को सराहा; आयुक्त संबित मिश्रा ने शहर में प्रभावी कार्यान्वयन के दिए निर्देश।

रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम मुख्यालय में ‘कैच द रैन’ अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय ‘जल संवाद’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस बैठक में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन अफेयर्स (NIUA) के प्रतिनिधि उत्सव चौधरी विशेष रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान शहर के बिल्डरों, वास्तुविदों (आर्किटेक्ट्स), जियो-हाइड्रोलॉजिस्ट्स, रेसीडेंस वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों और निगम के अभियंताओं के साथ वर्षा जल संरक्षण और भू-जल संचयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
संवाद के दौरान NIUA के प्रतिनिधि उत्सव चौधरी ने रायपुर नगर निगम द्वारा रैन वॉटर हार्वेस्टिंग के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने हितधारकों से इसे और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुझाव मांगे तथा अपील की कि रैन वॉटर हार्वेस्टिंग से जुड़े सफल मॉडल और कार्यों को सोशल मीडिया पर साझा किया जाए ताकि आम जनता में इसके प्रति जागरूकता बढ़ सके।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने भारत सरकार के दिशा-निर्देशों और मानकों के अनुसार शहर के अधिक से अधिक स्थानों पर वैज्ञानिक तरीके से रैन वॉटर हार्वेस्टिंग स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने सभी जोनों के नगर निवेश अभियंताओं को इसे प्राथमिकता पर रखने के सख्त निर्देश दिए। वहीं, अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू ने कहा कि जल संरक्षण अभियान को सफल बनाने में बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को जोड़कर जन-जागरूकता फैलाना बेहद आवश्यक है। इसके अतिरिक्त, जियो-हाइड्रोलॉजिस्ट विपिन दुबे ने भू-जल रीचार्ज पिट्स को पूरी तरह से तकनीकी और वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप बनाने का सुझाव दिया ताकि रीचार्ज होने वाला पानी भविष्य में पूरी तरह शुद्ध बना रहे।



