
Food Safety Alert रायपुर, छत्तीसगढ़। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य विभाग ने राजधानी रायपुर के कई होटल, मिठाई दुकानों और बेकरी में जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर साफ-सफाई में लापरवाही और खाद्य पदार्थों के रखरखाव में खामियां सामने आईं। जांच के दौरान निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले लगभग 300 से 400 किलो मिठाई और 10 किलो पनीर को नष्ट कराया गया। खाद्य नियंत्रक दीपक अग्रवाल भी जांच अभियान में शामिल रहे। विभाग की टीम ने स्वीट्स हट एंड बेकर्स, जनता स्वीट्स, मां अंबे स्वीट्स और रायपुर ढाबा सहित कई प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच की।
जांच के दौरान स्वीट्स हट एंड बेकर्स की मिठाइयों में कॉकरोच मिलने की जानकारी सामने आई। वहीं, तेलीबांधा स्थित न्यू जनता स्वीट्स में मिठाई बनाने वाली जगह पर गंदगी, दीवारों से उखड़ता रंग, फ्रीजर में रखी पुरानी मिठाइयां और खुले में रखी खाद्य सामग्री मिली। इन खामियों को देखते हुए विभाग ने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के नियमों का पालन करने पर जोर दिया है। त्योहारों के मौसम में मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय उपभोक्ताओं को उनकी गुणवत्ता, ताजगी और साफ-सफाई पर ध्यान देने की सलाह दी जाती है। खाद्य पदार्थों में गड़बड़ी दिखाई देने पर संबंधित विभाग में शिकायत की जा सकती है।



