
Raipur Ganja Smuggling। शहर में नशे के खिलाफ पुलिस ने 48 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 14.555 किलो गांजा जब्त किया है। सरस्वती नगर, कबीर नगर और टिकरापारा थाना पुलिस की कार्रवाई में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है।
पुलिस के अनुसार, अलग-अलग मामलों में आरोपियों के कब्जे से गांजा बरामद किया गया। तस्करी के लिए गांजे को छिपाने और ले जाने के अलग-अलग तरीकों का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें पान मसाला पैकिंग का इस्तेमाल भी शामिल बताया गया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजे के अलावा ई-रिक्शा, मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त किए गए गांजे और अन्य सामान की कुल कीमत करीब 9.56 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। तीन थाना क्षेत्रों में हुई इस संयुक्त कार्रवाई के बाद पुलिस अब नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की भी जानकारी जुटा रही है।



