Raipur Seva Setu Camp: 178 आवेदन पहुंचे, 93 पात्र हितग्राहियों को मौके पर मिला योजनाओं का लाभ
रायपुर पश्चिम विधानसभा के सेवा सेतु शिविर में 178 आवेदन मिले। 93 पात्र हितग्राहियों को मौके पर राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, आवास अनुमति, राहत राशि समेत विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला।

Raipur Seva Setu Camp। छत्तीसगढ़ शासन की ‘सेवा सेतु शिविर—सरकार आपके द्वार’ योजना के तहत रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में विधानसभा स्तरीय सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर में नागरिकों से कुल 178 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र 93 हितग्राहियों को शिविर स्थल पर ही प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित किया गया।
शिविर में 14 नागरिकों को राशन कार्ड, 7 को आयुष्मान कार्ड और 3 को आय प्रमाणपत्र तत्काल बनाकर दिए गए। इसके अलावा छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत पावर वितरण कंपनी द्वारा प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत 6 हितग्राहियों को सोलर प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। 4 दंपतियों को विवाह पंजीयन प्रमाणपत्र भी मौके पर दिया गया। पेंशन योजनाओं के तहत 12 प्रकरणों को स्वीकृति प्रदान की गई।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र 22 हितग्राहियों को मकान निर्माण के लिए भवन अनुज्ञा स्वीकृति पत्र दिए गए। वहीं, राजस्व विभाग की बाढ़ आपदा राहत प्रबंधन योजना के तहत 23 बाढ़ प्रभावितों को 5-5 हजार रुपये के धनादेश प्रदान किए गए। श्रम विभाग की नौनी सशक्तिकरण योजना के 2 प्रकरण और नौनी बाबू माधवी शिक्षा सहायता योजना के 2 प्रकरणों को भी शिविर स्थल पर तत्काल स्वीकृति दी गई।
शिविर में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा और रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत ने नगर निगम सभापति सूर्यकान्त राठौड़, छत्तीसगढ़ राज्य लौह शिल्पकार विकास बोर्ड अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी सहित जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया। उन्होंने नागरिकों से चर्चा कर योजनाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का पूरा लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
इस दौरान नगर निगम के एमआईसी सदस्य गायत्री चंद्राकर, सुमन पाण्डेय, दीपक जायसवाल और भोलाराम तिवारी, जोन अध्यक्ष गज्जू साहू और प्रीतम सिंह ठाकुर, पार्षद रामहिन कुर्रे, मीना ठाकुर, स्वप्निल मिश्रा, आनन्द अग्रवाल, अर्जुन यादव, अमन सिंह ठाकुर, भगतराम हरबंश, राजेश कुमार देवांगन और महेश कुमार ध्रुव, एल्डरमैन बी. श्रीनिवास राव, पूर्व पार्षद सुनील चंद्राकर, मंडल अध्यक्ष संदीप तिवारी, सामाजिक कार्यकर्ता अशोक पाण्डेय और विशाल पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
शिविर में नगर निगम के अपर आयुक्त स्वास्थ्य विनोद पाण्डेय, जोन-8 जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल, जोन-1, 2, 5 और 7 के जोन कमिश्नर, जोन-8 के कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा सहित संबंधित जोन अधिकारियों-कर्मचारियों और विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। मंच संचालन और अंत में आभार प्रदर्शन नगर निगम के अपर आयुक्त स्वास्थ्य विनोद पाण्डेय ने किया।



