School Infrastructure: जर्जर स्कूल भवन से दांव पर बच्चों का भविष्य, एक ही कमरे में लग रहीं तीन-तीन कक्षाएं
डौंडी लोहारा के ग्राम अंडी प्राथमिक शाला की बदहाल तस्वीर, बरामदे में बैठकर पढ़ने को मजबूर हैं मासूम बच्चे

डौंडी लोहारा। शिक्षा विभाग के दावों और बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं के तमाम वादों के बीच विकासखंड डौंडी लोहारा के ग्राम अंडी की प्राथमिक शाला से बदहाल शिक्षा व्यवस्था की एक बेहद चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। यहां स्कूल भवन जर्जर होने के कारण हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि नौनिहालों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है। स्कूल में कमरों की कमी के चलते बालवाड़ी, कक्षा पहली और दूसरी के छोटे बच्चों की पढ़ाई एक ही कमरे में एक साथ कराई जा रही है, जिससे बच्चों का ध्यान भटकता है।
एक ही कमरे में तीन अलग-अलग कक्षाओं का संचालन होने से न तो बच्चे ढंग से पढ़ पा रहे हैं और न ही शिक्षकों को पढ़ाने में सुविधा हो रही है। इस अव्यवस्था का आलम यहीं खत्म नहीं होता, बल्कि जगह की भारी किल्लत के कारण शिक्षक कक्षा चौथी के विद्यार्थियों को माध्यमिक शाला के खुले बरामदे में जमीन पर बैठाकर पढ़ाने को मजबूर हैं। मौसम की मार और खुले आसमान के नीचे बरामदे में बैठकर पढ़ने से बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन विभाग मूकदर्शक बना हुआ है।
इस बदहाल और अव्यवस्थित स्कूल प्रबंधन को लेकर अब स्थानीय ग्रामीणों और पालकों में शिक्षा विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है। परिजनों का कहना है कि एक तरफ सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुघ्घर स्कूल के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी तरफ जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा और बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द नए स्कूल भवन का निर्माण कराया जाए ताकि बच्चों की पढ़ाई सुचारू रूप से संचालित हो सके।



