छत्तीसगढ़

खेत में बिछा था मौत का जाल: आंधी में टूटे बिजली के तार की चपेट में आए बेजुबान, करंट लगने से 18 मवेशियों की दर्दनाक मौत

राजनांदगांव के सिंगदई वार्ड में भारी लापरवाही का मंजर, खेत में घास चरने गए मवेशियों के शव देख दहल उठे ग्रामीण

राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव शहर के ग्रामीण वार्ड सिंगदई से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां गुरुवार सुबह एक किसान के खेत में बड़ी संख्या में मवेशियों के शव बिखरी हुई हालत में मिले। इस दर्दनाक हादसे में कुल 18 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की तफ्तीश करने पर पता चला कि खेत में बिजली का खंभा और उसके टूटे हुए तार गिरे हुए थे, जिनमें हाई-वोल्टेज करंट दौड़ रहा था। बेजुबान मवेशी इस बात से अनजान थे और करंट की चपेट में आने से उनकी जान चली गई।

बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर बाद अचानक मौसम में आए बदलाव के कारण इलाके में तेज आंधी-तूफान चला था। माना जा रहा है कि इसी अंधड़ की वजह से बिजली के खंभे से तार टूटकर सीधे खेत में गिर गए थे। बिजली विभाग की लापरवाही के चलते समय रहते इसकी सप्लाई बंद नहीं की गई। इसी बीच जब मवेशी खेत में घास चरने के लिए पहुंचे, तो वे सीधे मौत के लाइव वायर की जद में आ गए। गुरुवार सुबह जब ग्रामीणों ने खेत में मवेशियों के शव पड़े देखे, तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और पशु चिकित्सा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटना स्थल का मुआयना कर पंचनामा तैयार किया। डॉक्टरों की टीम द्वारा मृत मवेशियों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है, ताकि मौत के आधिकारिक कारणों की पुष्टि की जा सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है, वहीं ग्रामीणों में बिजली विभाग की इस घोर लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

Advertisement

Related Articles

Back to top button