मोदी सरकार के खिलाफ देशव्यापी आर-पार की जंग में कांग्रेस: पेपर लीक, महंगाई और बेरोजगारी पर देश ठप करने की रणनीति, AICC बैठक में राहुल-प्रियंका का बड़ा प्लान!
मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में दिल्ली में जुटे दिग्गज, सीट चोरी और आर्थिक मंदी को लेकर ब्लॉक स्तर तक उग्र आंदोलन की तैयारी

Bol Bharat 24 News: देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और हालिया पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस अब केंद्र सरकार के खिलाफ देशव्यापी मोर्चा खोलने जा रही है। दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ में आयोजित एक हाई-प्रोफाइल बैठक में इस बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई है। कांग्रेस का इरादा इन तमाम जनहित के मुद्दों पर आक्रामक रुख अपनाते हुए सड़क से लेकर संसद तक सरकार को घेरने का है, जिसके लिए ब्लॉक से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक विरोध प्रदर्शनों का एक बड़ा खाका तैयार किया गया है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में हुई इस रणनीतिक बैठक में पार्टी के शीर्ष नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, जयराम रमेश और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित सभी राज्यों के प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष मौजूद रहे। बैठक के दौरान नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि सीट चोरी (चुनावी हेराफेरी), किसानों को खाद-बीज की किल्लत और देश में गहराती आर्थिक मंदी जैसे मुद्दों पर अब चुप बैठने के बजाय जनता के बीच जाकर सरकार की नाकामियों को उजागर किया जाएगा।
कांग्रेस आलाकमान ने साफ कर दिया है कि यह आंदोलन सिर्फ प्रतीकात्मक नहीं होगा, बल्कि इसके जरिए देश के युवाओं, किसानों और आम नागरिकों की आवाज को पूरी ताकत से बुलंद किया जाएगा। पार्टी की रणनीति के मुताबिक, आने वाले दिनों में देश के सभी जिला कलेक्ट्रेट और राज्यों की राजधानियों में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किए जाएंगे। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी इस अभियान के तहत अलग-अलग राज्यों का दौरा कर सकते हैं। इस बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के बाद देश का सियासी पारा चढ़ना तय माना जा रहा है, जिससे आगामी विधानसभा चुनावों से पहले सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच टकराव और तेज होगा।



