SportsNews: छत्तीसगढ़ की दो खिलाड़ी भारतीय महिला जूनियर हॉकी टीम में, चीन में होने वाले एशिया कप में दिखाएंगी दम
बिलासपुर एक्सीलेंस सेंटर की मधु सिदार और गीता यादव का राष्ट्रीय टीम में चयन; उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने वीडियो-कॉल कर दी बधाई

रायपुर/बिलासपुर, 6 अगस्त। छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए एक और गौरवपूर्ण खबर सामने आई है। बिलासपुर स्थित ‘खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ की दो प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ियों—गीता यादव और मधु सिदार—का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी चीन के मोकी शहर में आगामी 30 अगस्त से 13 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले जूनियर महिला एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों से वीडियो-कॉल पर बात कर उनके चयन पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों से तैयारियों की जानकारी ली और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संचालक श्रीमती तनुजा सलाम ने भी दोनों खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की है। दोनों खिलाड़ी बिलासपुर की राज्य स्तरीय आवासीय हॉकी अकादमी में मुख्य प्रशिक्षक अजीत लकड़ा और वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
खिलाड़ियों के सफर की बात करें तो जशपुर जिले के कांसाबेल (ग्राम पोंगरो) की निवासी मधु सिदार एक कृषक परिवार से आती हैं, जिन्होंने सब-जूनियर नेशनल, स्कूल नेशनल और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारतीय टीम में जगह बनाई है। वहीं, कबीरधाम जिले के बोड़ला की निवासी गीता यादव का अंतरराष्ट्रीय करियर 2024 में शुरू हुआ था, जिसके तहत वे नीदरलैंड, बेल्जियम, अर्जेंटीना, इंग्लैंड और स्कॉटलैंड दौरे पर भारतीय टीम का हिस्सा रह चुकी हैं।



