राष्ट्रपति भवन से स्वतंत्रता दिवस समारोह का आमंत्रण मिलने पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रेणुका गोस्वामी को दी बधाई
धमतरी की बेटी ने कौशल विकास के दम पर रची सफलता की नई इबारत; DDU-GKY योजना से प्रशिक्षण पाकर बनीं एचआर मैनेजर

रायपुर, 6 अगस्त। धमतरी जिले के ग्राम नवागांव की बेटी रेणुका गोस्वामी को 15 अगस्त के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए विशेष आमंत्रण प्राप्त हुआ है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत तथा ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रेणुका की यह सफलता न केवल उनके कठिन परिश्रम और प्रतिभा का सम्मान है, बल्कि छत्तीसगढ़ की बेटियों, ग्रामीण युवाओं और राज्य में संचालित कौशल विकास कार्यक्रमों की राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि है।
रेणुका गोस्वामी ने वर्ष 2018 में ‘दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना’ (DDU-GKY) के तहत कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने करियर की शुरुआत की थी। अपनी लगन, निरंतर मेहनत और क्षमता के बल पर वे विभिन्न प्रतिष्ठित कॉरपोरेट संस्थानों में अपनी पहचान बनाती चली गईं। वर्तमान में वे रायपुर की एक प्रतिष्ठित प्राइवेट फर्म में एचआर मैनेजर (HR Manager) के पद पर कार्यरत हैं और प्रतिमाह लगभग ₹40,000 का वेतन प्राप्त कर रही हैं। उनकी इस उपलब्धि से उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में भी व्यापक सुधार आया है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण युवाओं को कौशल विकास, रोजगार और आत्मनिर्भरता के बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। रेणुका गोस्वामी की राष्ट्रपति भवन तक की यह यात्रा प्रदेश के लाखों ग्रामीण युवाओं और बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सम्मान राज्य के अन्य युवाओं को भी अपने सपनों को साकार करने और राष्ट्रीय पटल पर अपनी पहचान बनाने के लिए प्रोत्साहित करेगा।



