Swachhata Awareness Campaign: “सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ” अभियान पर रायपुर में निकली स्वच्छता जनजागरूकता रैली, नागरिकों ने लिया सामूहिक स्वच्छता संकल्प
Raipur Municipal Corporation News: जोन 5, 7 और 8 में महापौर मीनल चौबे और आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर हुआ बड़ा आयोजन; संक्रामक बीमारियों से बचाव का दिया संदेश

रायपुर न्यूज़: नगर पालिक निगम रायपुर के स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित “सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ” अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशाल स्वच्छता जनजागरूकता रैली निकाली गई। महापौर मीनल चौबे, निगम स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर और निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देशानुसार जोन क्रमांक 5, 7 और 8 में अधिकारियों व आम नागरिकों ने मिलकर स्वच्छता का सकारात्मक संदेश फैलाया।
जोन 5 में जोन अध्यक्ष अम्बर अग्रवाल, जोन कमिश्नर खीरसागर नायक और जोन स्वास्थ्य अधिकारी संदीप वर्मा के मार्गदर्शन में कार्यक्रम संपन्न हुआ। वहीं जोन 7 में जोन अध्यक्ष श्वेता विश्वकर्मा, जोन कमिश्नर डॉ. तृप्ति पाणीग्राही और जोन स्वास्थ्य अधिकारी आत्मानंद साहू तथा जोन 8 में जोन अध्यक्ष प्रीतम सिंह ठाकुर, जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल और जोन स्वास्थ्य अधिकारी गोपीचंद देवांगन की मौजूदगी में अधिकारियों व कर्मचारियों ने जनसहभागिता के साथ रैली का संचालन किया।
जनजागरूकता रैली का मुख्य उद्देश्य बारिश के मौसम में फैलने वाली संक्रामक बीमारियों से बचाव और स्वच्छ वातावरण का निर्माण करना रहा। रैली के माध्यम से आम नागरिकों को कचरे के पृथक्करण (सूखा और गीला कचरा अलग करने), सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने, सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने, जलभराव की रोकथाम करने तथा मानसून के दौरान डेंगू और मलेरिया से सुरक्षा के उपायों के बारे में जागरूक किया गया।
अभियान के अंत में रैली में शामिल सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने अपने घर, मोहल्ले और आसपास के परिवेश को स्वच्छ बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया। साथ ही, दूसरों को भी स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित करने का वादा किया, ताकि स्वच्छ और स्वस्थ रायपुर का संकल्प साकार हो सके।



