छत्तीसगढ़

Women Empowerment: महतारी के आशीष और राखी के विश्वास से मजबूत हो रही छत्तीसगढ़ की नारी शक्ति

महतारी वंदन योजना, महिला स्व-सहायता समूह और लखपति दीदी अभियान से छत्तीसगढ़ में महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण बढ़ रहा है।

Women Empowerment रायपुर, 31 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान मातृशक्ति के सम्मान और नारी शक्ति के प्रति आदर की परंपरा से जुड़ी रही है। मां दंतेश्वरी, मां बम्लेश्वरी, मां महामाया और मां चंद्रहासिनी की आस्था से लेकर माता कौशल्या की धरती तक, मातृशक्ति प्रदेश के सामाजिक जीवन का महत्वपूर्ण केंद्र रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, आर्थिक सशक्तिकरण और स्वावलंबन को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों को आगे बढ़ा रही है। वर्ष 2026 को ‘महतारी गौरव वर्ष’ के रूप में मनाया जाना इसी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक संबल

सरकार के 30 माह के कार्यकाल में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महतारी वंदन योजना महत्वपूर्ण पहल बनकर सामने आई है। योजना के तहत प्रदेश की करीब 68 लाख विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे बैंक खातों में दी जा रही है। इससे महिलाएं अपनी आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ परिवार के आर्थिक निर्णयों में भी अधिक भागीदारी निभा रही हैं।

रक्षाबंधन से पहले बहनों के खातों में पहुंची 31वीं किस्त

रक्षाबंधन के अवसर पर राज्य सरकार ने महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त जारी की। 25 अगस्त को बालोद जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान करीब 68 लाख महिलाओं के बैंक खातों में लगभग 631 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश की माताओं और बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है, ताकि वे अपने छोटे-बड़े निर्णय स्वयं ले सकें और त्योहारों को उत्साह व सम्मान के साथ मना सकें। रक्षाबंधन से पहले मिली यह राशि महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता के साथ सरकार की सहभागिता और विश्वास का संदेश भी बनी।

स्नेह की डोर’ में दिखा सम्मान और अपनत्व

रक्षाबंधन के अवसर पर रायपुर में आयोजित ‘स्नेह की डोर’ कार्यक्रम में स्कूली बेटियों, दिव्यांग बेटियों और महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियों ने केंद्रीय सुरक्षा बलों, सेना और पुलिस के जवानों की कलाइयों पर रक्षा सूत्र बांधे। कार्यक्रम में जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव देखने को मिला।

कार्यक्रम का भावुक क्षण उस समय आया, जब वर्ष 2017 में रक्षाबंधन से एक दिन पहले नक्सली मुठभेड़ में शहीद हुए उपनिरीक्षक युगल किशोर वर्मा की पत्नी माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कलाई पर राखी बांधी।

नक्सलवाद का अंत बहनों के लिए सुरक्षा का संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि राखी का धागा भाई-बहन के स्नेह के साथ शहीद परिवार के विश्वास और अपनत्व का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद के आतंक से मुक्त कराने के लिए सुरक्षा बलों ने अदम्य साहस दिखाया है और अनेक जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया है।

उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के अंत की ओर बढ़ता छत्तीसगढ़ प्रदेश की बहनों के लिए सुरक्षा और विश्वास का सबसे बड़ा उपहार है। सरकार का प्रयास है कि नक्सल हिंसा के कारण किसी बहन का सुहाग न उजड़े, किसी मां को अपना बेटा न खोना पड़े और किसी बहन को भाई की सुरक्षा की चिंता न सताए।

महिला स्व-सहायता समूहों से बढ़ रहा आत्मनिर्भरता का दायरा

प्रदेश में महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को विभिन्न आर्थिक गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। राज्य में 2 लाख 42 हजार से अधिक महिला स्व-सहायता समूहों से करीब 30 लाख महिलाएं जुड़ी हैं।

वहीं, लखपति दीदी अभियान के जरिए महिलाओं को स्वरोजगार और स्थायी आय के साधनों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। प्रदेश में अब तक 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिला समूहों की सदस्य स्थानीय स्तर पर विभिन्न उत्पादों का निर्माण और विपणन कर आय अर्जित कर रही हैं। इससे परिवारों के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था में भी महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है।

प्रदेश की बहनों ने जताया मुख्यमंत्री के प्रति विश्वास

महतारी वंदन योजना की राशि रक्षाबंधन से पहले मिलने पर प्रदेश के अलग-अलग जिलों की महिलाओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। सुकमा से कोरिया और राजनांदगांव से रायगढ़ तक महिलाओं ने उन्हें बड़े भाई के रूप में सम्मान देते हुए योजना को अपनी दैनिक जरूरतों के लिए उपयोगी बताया।

महिलाओं का कहना है कि नियमित आर्थिक सहायता से उन्हें छोटी-छोटी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भरता कम हुई है। साथ ही परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में उनकी भूमिका और आत्मविश्वास मजबूत हुआ है।

महिलाओं के सम्मान और स्वावलंबन के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महिलाओं का सम्मान, स्वावलंबन और समृद्धि राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और विकास की मुख्यधारा में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

महतारी वंदन योजना, महिला स्व-सहायता समूह और लखपति दीदी अभियान जैसे प्रयासों से छत्तीसगढ़ में महिलाओं के लिए आर्थिक आत्मनिर्भरता के नए अवसर तैयार हो रहे हैं। रक्षाबंधन पर बहनों के खातों में पहुंची सहायता राशि ने इस विश्वास को और मजबूत किया है कि राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए निरंतर काम कर रही है।

Related Articles

Back to top button