Development News : भटगांव विधानसभा के 97 गांवों में होगा विद्युत विस्तार, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से मिली 11.62 करोड़ की स्वीकृति
धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान' के तहत सूरजपुर जिले के दूरस्थ और जनजातीय मजरों-टोलों तक पहुंचेगी बिजली; हजारों परिवारों को मिलेगा सीधा लाभ

5 अगस्त। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा ग्रामीण और जनजातीय अंचलों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री और भटगांव विधानसभा की विधायक श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के विशेष प्रयासों से केंद्र-राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के तहत भटगांव क्षेत्र के 97 गांवों में व्यापक विद्युत विस्तार कार्य की स्वीकृति प्रदान की गई है।
लगभग 11.62 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से स्वीकृत इस बहुप्रतीक्षित परियोजना के माध्यम से सूरजपुर जिले के अत्यंत दूरस्थ ग्रामीण, पहाड़ी और जनजातीय क्षेत्रों तक निर्बाध बिजली पहुंचाई जाएगी। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस योजना से भैयाथान विकासखंड के 36 गांवों के 109 मोहल्लों, ओड़गी विकासखंड के 32 गांवों के 68 मोहल्लों तथा सूरजपुर विकासखंड के 29 गांवों के 53 पारा-मोहल्लों को जगमग किया जाएगा। इस विद्युतीकरण से हजारों ग्रामीण परिवारों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा।
विद्युत अधोसंरचना मजबूत होने से दूरस्थ अंचलों में स्कूली बच्चों की पढ़ाई, पेयजल आपूर्ति, कृषि सिंचाई और स्थानीय स्वरोजगार गतिविधियों को अभूतपूर्व प्रोत्साहन मिलेगा। इस उपलब्धि पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार का मूल उद्देश्य विकास की किरण को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। बिजली पहुंचने से जनजातीय बाहुल्य क्षेत्रों के सामाजिक एवं आर्थिक परिदृश्य में बड़ा और सकारात्मक बदलाव आएगा।



