छत्तीसगढ़

Defense News : किस्ताराम में 212 बटालियन सीआरपीएफ ने मनाया ‘विश्व आदिवासी दिवस’, ग्रामीणों को बांटी राहत सामग्री

कमान्डेंट विजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में जन कल्याण कार्यक्रम का आयोजन; आदिवासियों को मुख्यधारा से जोड़ने और सुरक्षा का दिया भरोसा

सुकमा/रायपुर, 9 अगस्त। विश्व आदिवासी दिवस 2026 के अवसर पर छत्तीसगढ़ के अति-संवेदनशील नक्सल प्रभावित सुकमा जिले के किस्ताराम एक्सिस (पोटकपल्ली) में 212 बटालियन सीआरपीएफ द्वारा भव्य जन कल्याण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बटालियन के कमान्डेंट विजय कुमार वर्मा के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय आदिवासी समुदाय के साथ आत्मीय संबंध स्थापित करना, उनके प्रति सम्मान प्रकट करना और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना था। इस अवसर पर सीआरपीएफ के अधिकारियों और जवानों ने स्थानीय ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

कार्यक्रम के दौरान सीआरपीएफ द्वारा स्थानीय ग्रामीणों को खेती-किसानी के औजार, बर्तन, कंबल, साड़ियां, खेलकूद की सामग्री तथा स्कूली बच्चों को बैग व स्टेशनरी किट का वितरण किया गया। सुरक्षा बलों के इस मानवीय प्रयास की ग्रामीणों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की और आभार व्यक्त किया। आयोजन के समापन पर सीआरपीएफ की ओर से सभी उपस्थित ग्रामीणों के लिए स्वरुचिकर प्रीतिभोज (भोजन) की भी विशेष व्यवस्था की गई थी।

कमान्डेंट विजय कुमार वर्मा ने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के मंसूबों को नाकाम करने के बाद अब बटालियन का मुख्य ध्येय आदिवासियों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने प्रतिबद्धता जताई कि 212 बटालियन भविष्य में भी समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए ऐसे नागरिक कल्याण कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर करती रहेगी। इस दौरान द्वितीय कमान अधिकारी (प्रशासन) शमीमुद्दीन शेख, द्वितीय कमान अधिकारी (परिचालन) दिनेश कुमार, उप कमान्डेंट गौरव शर्मा और सहायक कमान्डेंट राकेश लाम्बा सहित कई अधिकारी व जवान मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button