बस्तर

Independence Day 2026: शांति और विकास के नए युग में प्रवेश कर रहा बस्तर, विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को मिल रही नई गति : केदार कश्यप

स्वतंत्रता दिवस पर प्रभारी मंत्री ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि; नियद नेल्ला नार 2.0 से 39 लाख लोगों तक पहुंच रहीं योजनाएं, 'मेरी बेटी-मेरा अभिमान' अभियान का ऐलान

दंतेवाड़ा/रायपुर, 15 अगस्त 2026 : स्वतंत्रता दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा दंतेवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने दंतेवाड़ा के मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। उन्होंने आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और मातृभूमि की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

ध्वजारोहण के उपरांत जनता के नाम अपने संबोधन में मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प से बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ ऐतिहासिक और निर्णायक सफलता मिली है। कभी हिंसा और खौफ के साए में रहने वाले क्षेत्रों में आज राष्ट्रध्वज पूरे गौरव के साथ लहरा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर अब भय और निराशा से बाहर निकलकर विकास, सुरक्षा और जन-विश्वास के एक नए युग में प्रवेश कर चुका है।

उन्होंने बस्तर संभाग में चलाई जा रही महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्तर मुन्ने अभियान’ के माध्यम से 39 लाख से अधिक नागरिकों तक 31 सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंच रहा है। नक्सल हिंसा के कारण वर्षों से बंद पड़े स्कूलों को दोबारा शुरू किया गया है तथा ओरछा और जगरगुंडा जैसे सुदूर इलाकों में ‘एजुकेशन सिटी’ विकसित की जा रही है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ के तहत 34 लाख लोगों की हेल्थ प्रोफाइल तैयार की गई है।

वनांचल की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए तेंदूपत्ता संग्राहकों को 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा पारिश्रमिक देने के साथ ही ‘चरण पादुका योजना’ को पुनः शुरू किया गया है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान की घोषणा करते हुए उन्होंने बताया कि इसके तहत प्रदेश के 6,671 शासकीय विद्यालयों में छात्राओं के लिए पृथक शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। मंत्री कश्यप ने आह्वान किया कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूलमंत्र के साथ बस्तर, विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएगा।

Related Articles

Back to top button