छत्तीसगढ़

Balodabazar Transport News: परिवहन सेवाओं का हो रहा आधुनिकीकरण, डिजिटल सुविधाओं से लोगों के काम होंगे आसान: मंत्री केदार कश्यप

बलौदाबाजार-भाटापारा में 1.74 करोड़ रुपए से निर्मित जिला परिवहन कार्यालय भवन का लोकार्पण

Balodabazar Transport News, 5 अक्टूबर 2026। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में परिवहन सुविधाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में नया कदम उठाया गया है। परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने ग्राम पंचायत परसाभदेर में 1 करोड़ 74 लाख रुपये की लागत से निर्मित जिला परिवहन कार्यालय भवन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा भी मौजूद रहे। इस अवसर पर सोनबरसा जंगल सफारी के लिए 4 नई जिप्सियों और सौंदर्यीकरण व विकास कार्यों के लिए 1.5 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई।

डिजिटल होंगी परिवहन सेवाएं, घर बैठे होंगे काम

परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि जन आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के परिवहन कार्यालयों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। परिवहन सेवाओं को डिजिटल बनाने से लोगों को कई जरूरी काम घर बैठे कराने की सुविधा मिलेगी और कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी।

उन्होंने बताया कि बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में 5 पैक्स में परिवहन सुविधा केंद्र संचालित हो रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से अब तक 572 लर्निंग लाइसेंस जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि पैक्स में धान खरीदी के साथ आने वाले समय में अन्य नागरिक सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

स्कूली बच्चों के वाहन चलाने पर अभिभावकों को किया सजग

केदार कश्यप ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी लोगों को जागरूक किया। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी देने और स्कूली बच्चों द्वारा दोपहिया वाहन चलाने के प्रति सजग रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सावधानी और यातायात नियमों का पालन कर संभावित सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।

वाहन चालकों को लाइसेंस और हेलमेट वितरित

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि जिले में परिवहन सुविधाओं के विस्तार के लिए सर्वसुविधायुक्त कार्यालय भवन का निर्माण पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि परिवहन सेवाओं के आधुनिकीकरण और डिजिटल सुविधाओं से वाहन स्वामियों को राहत मिलेगी। राज्य सरकार शहरों से लेकर गांवों तक विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान वाहन चालकों को लाइसेंस और सुरक्षित यातायात के लिए हेलमेट वितरित किए गए। वहीं, 80 वर्ष से अधिक आयु के 10 बुजुर्गों को निःशुल्क बस पास प्रदान किए गए।

‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत हुआ पौधरोपण

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत परिवहन मंत्री केदार कश्यप और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने जिला परिवहन कार्यालय परिसर में पौधरोपण किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा और प्रमोद कुमार शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button