बस्तर के 461 पूर्व नक्सल प्रभावित गांवों तक बिजली पहुंचाने की पहल, केंद्र से विशेष सहायता का आग्रह
CM Sai Meets Jual Oram: दिल्ली में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम से मिले सीएम साय; धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना के तहत सौंपा प्रस्ताव

नई दिल्ली/रायपुर न्यूज़: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के दूरस्थ और पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को अंधेरे से निकालकर विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम से मुलाकात कर धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना के तहत बस्तर के 7 जिलों के 461 गांवों तक ग्रिड बिजली पहुंचाने के लिए 435 करोड़ रुपये की विशेष वित्तीय सहायता का अनुरोध किया है।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को 973 करोड़ रुपये की कुल लागत वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना का विस्तृत प्रस्ताव सौंपा। योजना के अनुसार, केंद्र सरकार से आगामी तीन वित्तीय वर्षों में वित्तीय मदद की अपेक्षा की गई है—
2026-27: ₹85 करोड़
2027-28: ₹250 करोड़
2028-29: ₹100 करोड़
मुख्यमंत्री ने संविधान के अनुच्छेद 275(1) के तहत इसे विशेष प्रकरण मानते हुए जल्द स्वीकृति देने की मांग की। इस पर केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने मुख्यमंत्री को पूरा भरोसा दिलाते हुए कहा कि प्रस्ताव मिलते ही इस पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी और बस्तर के विकास के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।



