छत्तीसगढ़

CG News: अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी श्रद्धांजलि, सुशासन और अंत्योदय को बताया प्रेरणा

वाजपेयी के विजन और छत्तीसगढ़ निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को किया याद; सुशासन की राह पर आगे बढ़ रहा प्रदेश

रायपुर, 16 अगस्त 2026 : पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी स्थित मुख्यमंत्री निवास परिसर में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने वाजपेयी के विराट व्यक्तित्व, राष्ट्रसेवा और छत्तीसगढ़ निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान का स्मरण किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि वाजपेयी छत्तीसगढ़ के निर्माता और प्रदेशवासियों की भावनाओं का सम्मान करने वाले महान राष्ट्रनायक थे। छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण उनके दूरदर्शी नेतृत्व, दृढ़ संकल्प और संवेदनशील सोच का परिणाम है। उन्होंने इस अंचल की भौगोलिक विशिष्टताओं, विकास की आवश्यकताओं और पृथक राज्य की वर्षों पुरानी जन-आकांक्षा को समझा तथा प्रधानमंत्री के रूप में उसे साकार किया। यह ऐतिहासिक निर्णय प्रदेश के इतिहास में सदैव स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वाजपेयी का छत्तीसगढ़ से रिश्ता केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि गहरा आत्मीय और भावनात्मक था। उन्होंने वाजपेयी के साथ जुड़ी अपनी स्मृतियों को साझा करते हुए कहा कि उन्हें स्वयं भी उनके स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त करने का सौभाग्य मिला। वाजपेयी का स्नेह और उनका मार्गदर्शन उनके जीवन की अनमोल स्मृतियों में है, जो उन्हें जनसेवा के पथ पर निरंतर प्रेरित करता है।

लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रतीक थे वाजपेयी

मुख्यमंत्री ने कहा कि वाजपेयी का व्यक्तित्व बहुआयामी था। एक संवेदनशील कवि, प्रखर पत्रकार, ओजस्वी वक्ता और दूरदर्शी राजनेता के रूप में उन्होंने भारतीय जनमानस पर अमिट छाप छोड़ी। वे ऐसे सर्वस्वीकार्य राजनेता थे, जिन्हें दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर सभी वर्गों का सम्मान प्राप्त हुआ। वैचारिक दृढ़ता के साथ विनम्रता, संवेदनशीलता और संवाद उनके सार्वजनिक जीवन की मुख्य विशेषता थी। राष्ट्रहित उनके लिए सदैव सर्वोपरि रहा।

अंत्योदय और विकास की विरासत

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि वाजपेयी ने सुशासन और अंत्योदय को शासन का आधार बनाकर विकास की ऐसी विरासत स्थापित की, जो आज भी देश को दिशा दे रही है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से गांवों को सड़कों से जोड़ने की पहल ने ग्रामीण भारत के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति दी। उन्होंने जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए पृथक जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया, जो उनके समावेशी दृष्टिकोण का परिचायक था।

मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि वाजपेयी के सपनों के अनुरूप एक समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ का निर्माण ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि है।

Related Articles

Back to top button