Crime News: बलौदाबाजार में रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का सिर कटा शव: इलाके में मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस
भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के अर्जुनी खैरताल मार्ग की घटना; देर रात शव मिलने से फैली सनसनी, पुलिस कर रही शिनाख्त के प्रयास

बलौदाबाजार, 16 अगस्त 2026 : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले से एक दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अर्जुनी-खैरताल मार्ग पर स्थित रेलवे ट्रैक पर देर रात एक अज्ञात युवक का सिर कटा शव मिलने से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय ग्रामीणों द्वारा घटना की जानकारी दिए जाने के बाद भाटापारा ग्रामीण पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास के गांवों में सूचना भेजी जा रही है और गुमशुदगी के दर्ज मामलों का मिलान किया जा रहा है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह कोई हादसा है, खुदकुशी है या फिर किसी ने हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका है। भाटापारा ग्रामीण पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शिनाख्त होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी।



