CG News: मंत्री केदार कश्यप के नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के सुदूर गांवों में शान से लहराया तिरंगा, बदलते बस्तर ने लिखी नई इबारत
अबूझमाड़ के 9 गांवों में आजादी के बाद पहली बार फहराया तिरंगा; कोंडागांव के अंतिम छोर के गांवों में भी गूंजा भारत माता का जयघोष

नारायणपुर/कोंडागांव, 16 अगस्त 2026 : वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री एवं नारायणपुर विधायक केदार कश्यप के विधानसभा क्षेत्र में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर बदलाव और राष्ट्रभक्ति की ऐतिहासिक तस्वीर देखने को मिली। नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र के कोरसकोडो, हचेकोटी, आदनार, बोटेर, कुमनार, दिवालुर, गुंडेकोट, रेकापाल और रासमेटा गांवों में आजादी के बाद पहली बार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शान से तिरंगा फहराया गया।
इसी विधानसभा क्षेत्र के कोंडागांव जिले के अंतिम छोर पर स्थित तुमड़ीवाल, बेड़मा, बेचा, कुधुर, गुमियापाल, मांझानार और कीलम गांवों में भी ग्रामीणों ने उत्साह और राष्ट्रभक्ति के साथ तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस मनाया।
कभी नक्सल हिंसा और भय की छाया में रहे इन सुदूर अंचलों में आज भारत माता के जयघोष और तिरंगे की शान नई तस्वीर प्रस्तुत कर रही है। बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों और मातृशक्ति की सहभागिता क्षेत्र में लौटती शांति और मजबूत होते लोकतांत्रिक विश्वास का प्रतीक बनी।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि नारायणपुर विधानसभा के सुदूर गांवों में तिरंगे की यह शान बदलते बस्तर की पहचान है। जहां कभी भय और हिंसा का वातावरण था, वहां आज शांति, विश्वास और विकास की नई सुबह है। नया बस्तर भय से विश्वास और हिंसा से विकास की ओर आगे बढ़ रहा है।



