सिनेमा के जरिए दिखेगा रीयल हीरोज का जज्बा: रायपुर में ‘भारत भाग्य विधाता’ की स्पेशल स्क्रीनिंग, कंगना रनौत संग पहुंचे सीएम साय
छत्तीसगढ़ की धरा पर फिल्मी सितारों और राजनेताओं का महासंगम: 26/11 हमले के जांबाज डॉक्टरों-नर्सों की अनकही कुर्बानी को सलाम, आपातकालीन वीरों का हुआ सम्मान

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर का जोरा मॉल एक ऐतिहासिक और बेहद भावुक कर देने वाले पल का गवाह बना। अवसर था फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की प्री-लॉन्च स्क्रीनिंग सेरेमनी का, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय और परिजनों के साथ विशेष रूप से शामिल हुए। इस हाई-प्रोफाइल इवेंट में बॉलीवुड की प्रख्यात अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत सहित फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया और सिनेमा जगत की कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ आगमन पर कंगना रनौत का भगवान श्रीराम के ननिहाल की परंपरा के अनुसार आत्मीय स्वागत किया।
यह फिल्म 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए भीषण आतंकी हमले के उस स्याह दौर पर आधारित है, जब पाकिस्तानी आतंकियों की गोलियों के बीच सरकारी अस्पतालों के डॉक्टरों, नर्सों और मेडिकल स्टाफ ने अपनी जान दांव पर लगाकर सैकड़ों मासूमों की सांसें बचाई थीं। मुख्यमंत्री साय ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह फिल्म उन गुमनाम और अनसुने नायकों को सच्ची श्रद्धांजलि है, जिन्हें इतिहास अक्सर भूल जाता है। उन्होंने गर्व के साथ बताया कि फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया छत्तीसगढ़ की माटी के लाल हैं, जिन्होंने इस संवेदनशील विषय को राष्ट्रीय पटल पर लाने का काम किया है।
इस फिल्म में मुख्य किरदार यानी एक जांबाज नर्स की भूमिका निभाने वाली कंगना रनौत ने छत्तीसगढ़ सरकार और जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनके डायरेक्टर मनोज तापड़िया की इच्छा थी कि इस फिल्म की पहली झलक उनके गृह राज्य छत्तीसगढ़ को दिखाई जाए, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार कर कलाकारों का मान बढ़ाया है। आपको बता दें कि इस फिल्म का नामकरण स्वयं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है, जो इसकी संवेदनशीलता और महत्ता को दर्शाता है।
मंच पर गूंजी तालियां, सम्मानित हुए ‘भारत भाग्य विधाता वॉरियर्स’
इस खास सेरेमनी के दौरान केवल रुपहले पर्दे के कलाकारों का ही जलवा नहीं रहा, बल्कि असली जिंदगी में लोगों की जान बचाने वाले छत्तीसगढ़ के रीयल वॉरियर्स को भी मंच पर वीआईपी सम्मान मिला। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आपातकालीन और संकट की परिस्थितियों में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले राज्य के इन जांबाज स्वास्थ्यकर्मियों को ‘भारत भाग्य विधाता वॉरियर्स’ सम्मान से नवाजा:
पुरुष श्रेणी में: जागेश्वर कुमार धीवर, नारायण सिंह नायक, विजय शंकर कश्यप।
महिला श्रेणी में: भुनेश्वरी तिवारी, रोहिणी वर्मा, उर्मिला भगत, रोशनी, मीना सिंह, ममता कपूर, मीना शर्मा, जमुनाबाई, लक्ष्मी मेनन और विजया लक्ष्मी पिल्लई।
इस यादगार और गौरवशाली फिल्मी शाम के दौरान छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल के कई प्रमुख चेहरे, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सांसद लक्ष्मी वर्मा, सांसद रूप कुमारी चौधरी सहित भारी संख्या में विधायक, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और मीडिया जगत के दिग्गज मौजूद रहे।



