छत्तीसगढ़

बड़ी कार्रवाई: महिला से अभद्रता और धमकी मामले में पूर्व जिला पंचायत सदस्य मोरध्वज साहू सहित 3 आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

अमलेश्वरडीह में कार से पहुंचे रसूखदारों ने रात में घर के सामने की थी गाली-गलौज; शिकायत के बाद अमलेश्वर पुलिस ने बीएनएस की धाराओं में की त्वरित कार्रवाई

पाटन: दुर्ग जिले के पाटन क्षेत्र अंतर्गत अमलेश्वर थाना इलाके से एक बड़ी राजनीतिक और आपराधिक खबर सामने आई है। ग्राम अमलेश्वरडीह में एक महिला के साथ अभद्रता करने, अश्लील इशारे करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। अमलेश्वर पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए कांग्रेस नेता व पूर्व जिला पंचायत सदस्य सहित कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए सभी आरोपियों को स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना 7 जून 2026 की रात लगभग 11 बजे की है। पीड़िता अपने घर पर परिवार के साथ मौजूद थी, तभी कार क्रमांक CG04 NE 8055 में सवार होकर कुछ लोग उसके घर के सामने पहुंचे और अचानक जोर-जोर से गाली-गलौज करने लगे। घर की घंटी बजने पर जब महिला बाहर निकली, तो वहां मौजूद पूर्व जिला पंचायत सदस्य मोरध्वज साहू उर्फ मोनू साहू, दीपक वर्मा एवं जय साहू ने उसके पति उमेश साहू के बारे में पूछताछ शुरू की। आरोप है कि इस दौरान तीनों ने बेहद अभद्र और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया।

पीड़िता द्वारा थाने में दर्ज कराई गई लिखित शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने न केवल अश्लील गालियां दीं और आपत्तिजनक इशारे किए, बल्कि उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए जबरन घर के भीतर घुसने का प्रयास भी किया। इसी बीच जब महिला के पति उमेश साहू बाहर आए, तो आरोपियों ने उनके साथ भी झूमाझटकी करते हुए उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। देर रात हुए इस हाई-प्रोफाइल हंगामे से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था।

Advertisement

अमलेश्वर पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्परता दिखाई और पीड़िता की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 333, 296, 351(3), 79 एवं 3(5) के तहत गैर-जमानती धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया। पुलिस टीम ने दबिश देकर तीनों नामजद आरोपियों को धर दबोचा। इस त्वरित पुलिसिया कार्रवाई की इलाके में काफी चर्चा है और पुलिस अन्य पहलुओं पर भी बारीकी से जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button