छत्तीसगढ़

Rare Wildlife Rescue : वन विभाग की सतर्कता से दुर्लभ पैंगोलिन का सुरक्षित रेस्क्यू, जंगल में छोड़ा

वन मंत्री केदार कश्यप की पहल पर मोहला तहसील के कुंजंटोला में हुई कार्रवाई, शेड्यूल-1 में शामिल वन्यप्राणी की बची जान

रायपुर, 3 अगस्त। छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप की मंशा और संवेदनशील पहल के अनुरूप प्रदेश में वन्यजीवों के संरक्षण के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी जिले के मोहला तहसील अंतर्गत ग्राम कुंजंटोला में वन विभाग की सतर्क टीम ने दुर्लभ एवं संरक्षित वन्यप्राणी पैंगोलिन का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कुंजंटोला निवासी जयंत कुमार के घर में पैंगोलिन के घुसने की खबर मिलते ही वन विभाग का अमला तुरंत हरकत में आया। वनमंडलाधिकारी के मार्गदर्शन और परिक्षेत्र अधिकारी पंकज पटेल के नेतृत्व में पहुंची टीम ने पूरी सावधानी के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया। इस त्वरित कार्रवाई में डिप्टी रेंजर महेंद्र बघेल और शोभित राम यादव ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उल्लेखनीय है कि पैंगोलिन वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-1 (Schedule-1) में शामिल अत्यंत संरक्षित प्रजाति है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि कहीं भी वन्यजीव दिखाई देने पर उन्हें नुकसान न पहुंचाएं और तत्काल वन विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते उनका बचाव किया जा सके।

Related Articles

Back to top button