छत्तीसगढ़

समाज की एकजुटता सामाजिक विकास की सबसे बड़ी शक्ति: मंत्री राजेश अग्रवाल

अंबिकापुर में आयोजित रजवार समाज की बैठक में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री हुए शामिल; शिक्षा, युवाओं की भागीदारी और सामाजिक एकता पर दिया जोर

अंबिकापुर, 7 अगस्त। छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल अंबिकापुर में आयोजित रजवार समाज की महत्वपूर्ण बैठक एवं सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर समाज के प्रतिनिधियों, वरिष्ठजनों, महिलाओं और युवाओं द्वारा मंत्री का पुष्पमालाओं से भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के दौरान समाज के वक्ताओं ने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने, जरूरतमंद परिवारों की मदद करने और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन का सामूहिक संकल्प लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकजुटता, शिक्षा और आपसी सहयोग में निहित होती है। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, रोजगार और सामाजिक नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। मंत्री ने जोर देकर कहा कि वरिष्ठजनों के अनुभवों का लाभ लेकर नई पीढ़ी को संगठित एवं संस्कारित करना समय की मुख्य आवश्यकता है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के सामाजिक विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में रजवार समाज के अतुलनीय योगदान की सराहना की।

मंत्री अग्रवाल ने विश्वास दिलाया कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और समाज से जुड़े जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति के लिए शासन और समाज को मिलकर कार्य करना होगा, तभी समावेशी विकास का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। कार्यक्रम का समापन सामाजिक सद्भाव, संगठन की मजबूती और नई पीढ़ी को प्रेरित करने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button