Success Story News : सेवा सेतु पोर्टल से आसान हुआ विवाह पंजीयन, बड़े बचेली के दंपतियों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ
दंतेवाड़ा में रंग लाई डिजिटल सुशासन की पहल; ग्रामीणों को गांव में ही मिले विवाह प्रमाण पत्र, बची समय और पैसे की फिजूलखर्ची

दंतेवाड़ा, 5 अगस्त। छत्तीसगढ़ सरकार का ‘सेवा सेतु पोर्टल’ सुदूर ग्रामीण अंचलों में शासकीय सेवाओं को पारदर्शी, त्वरित और सुलभ बनाने में मील का पत्थर साबित हो रहा है। दंतेवाड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत बड़े बचेली में इस पोर्टल के माध्यम से शुरू की गई ऑनलाइन विवाह पंजीयन सुविधा से दर्जनों ग्रामीण परिवारों को बड़ी राहत मिली है। पहले विवाह प्रमाण पत्र के अभाव में ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं के लाभ और आवश्यक दस्तावेजी कार्यों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब यह काम गांव के पास ही आसानी से हो रहा है।
ग्राम पंचायत स्तर पर चलाए गए विशेष जागरूकता अभियान के तहत पंचायत सचिव प्रियंका दीवान और सरपंच गोविंद कुंजाम के मार्गदर्शन में ग्रामीणों को ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। पात्र दंपतियों ने आवश्यक दस्तावेजों के साथ सेवा सेतु पोर्टल पर आवेदन किया और भौतिक सत्यापन के तुरंत बाद उन्हें आधिकारिक विवाह प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए। पहले जहां ग्रामीणों को दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे, वहीं अब घर पहुंच डिजिटल सेवाओं से उनका समय और पैसा दोनों बच रहा है।
ग्राम बड़े बचेली के निवासी जोगाराम, उनकी पत्नी अमवती नाग, सुषमा तामो और संतोष ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए बताया कि विवाह प्रमाण पत्र मिलने से अब उन्हें सरकारी योजनाओं से जुड़ने में कोई बाधा नहीं आ रही है। इस सफल पहल से ग्रामीणों का डिजिटल सेवाओं के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है और वे अन्य प्रमाण पत्रों के लिए भी पोर्टल का खुलकर उपयोग कर रहे हैं। दंतेवाड़ा का यह प्रयास प्रदेश में डिजिटल सुशासन का एक बेहतरीन मॉडल बनकर उभरा है।



