छत्तीसगढ़

Crime News: चरित्र शंका में पति बना हैवान, पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर जंगल में छोड़ा; एक अंगुली कटी और सिर पर आई गंभीर चोट

झिलमिली थाना क्षेत्र की घटना। आरोपी पति राकेश साहू फरार, ग्रामीणों की मदद से घायल महिला बबिता सिंह को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती।

Crime News: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से चरित्र शंका के चलते एक बेहद क्रूर और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जिले के झिलमिली थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी पति ने महिला की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी एक अंगुली कट गई और सिर पर गंभीर चोटें आईं। इसके बाद वह उसे अधमरी हालत में जंगल में छोड़कर फरार हो गया।

मंदिर में की थी दूसरी शादी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घायल महिला बबिता सिंह मूल रूप से कोरिया जिले के झलियाडांड की रहने वाली है। करीब छह महीने पहले वह अपने पहले पति और बच्ची को छोड़कर घर चली गई थी और इसके बाद उसने बैकुंठपुर निवासी राकेश साहू से मंदिर में प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ समय बाद से ही आरोपी पति राकेश उसकी चरित्र पर शंका करने लगा था।

ग्रामीणों की मदद से पहुंची अस्पताल

घटना के दिन आरोपी ने बेरहमी से मारपीट कर बबिता को लहूलुहान कर दिया और उसे जंगल में छोड़ भागा। बाद में स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैयाथान पहुँचाया गया। यहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सूरजपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहाँ उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की तलाश तेज कर दी है।

Related Articles

Back to top button