छत्तीसगढ़

Tank Ram Varma Sarangarh College Event : “सकारात्मक विचार ही संवारते हैं जीवन”: सारंगढ़ कॉलेज के स्थापना दिवस पर पहुंचे उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा

शासकीय लोचन प्रसाद पांडेय महाविद्यालय में जनभागीदारी मद से निर्मित नए कक्ष का लोकार्पण; कॉलेज में पौधरोपण कर विद्यार्थियों को किया प्रेरित

सारंगढ़/रायपुर, 11 अगस्त। सारंगढ़ स्थित शासकीय लोचन प्रसाद पांडेय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रदेश के राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने जनभागीदारी मद से निर्मित नवीन अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मंत्री वर्मा ने अकादमिक पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, कला, पठन-पाठन और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि मनुष्य के विचार ही उसके जीवन की वास्तविक दिशा और दशा तय करते हैं और श्रेष्ठ विचारों का निर्माण अच्छी संगति से ही संभव है। उन्होंने पौराणिक प्रसंगों का उदाहरण देते हुए युवाओं को नकारात्मक संगति से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य में ‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020’ को मजबूती से लागू किया जा रहा है और सारंगढ़ में ऑडिटोरियम निर्माण सहित शिक्षा ढांचे को दुरुस्त करने के लिए पर्याप्त बजटीय प्रावधान किए गए हैं, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के सपने को साकार करेंगे।

कार्यक्रम में सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े ने नवीन कक्ष के निर्माण पर बधाई देते हुए कॉलेज में सेमिनार हॉल निर्माण की मांग रखी, वहीं प्राचार्य ने स्नातकोत्तर स्तर पर संस्कृत व गणित विषय की कक्षाएं शुरू करने का प्रस्ताव रखा। मंत्री वर्मा ने स्थानीय मांगों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। इस अवसर पर जिला पंचायत के पदाधिकारी, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, महाविद्यालय के प्राध्यापक, एनसीसी व एनएसएस कैडेट्स सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button