PM Relief Scheme Implementation : प्रधानमंत्री राहत योजना के क्रियान्वयन में बलौदाबाजार प्रदेश में अव्वल, सड़क हादसों के घायलों को मिल रहा त्वरित इलाज
एसपी गौरव राय के मार्गदर्शन में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग का संयुक्त अभियान। 270 से अधिक प्रकरणों का सफल सत्यापन कर पीड़ितों को दिलाई जा रही राहत।

PM Relief Scheme Implementation बलौदाबाजार। सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायल होने वाले लोगों को समय पर बेहतर उपचार और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री राहत योजना (PM Relief Scheme) के प्रभावी क्रियान्वयन में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले ने पूरे छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान हासिल किया है। जिला प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त एवं समन्वित प्रयासों से इस योजना का बेहतरीन संचालन किया जा रहा है।
त्वरित सत्यापन और बेहतर मॉनिटरिंग
पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देशन एवं सतत मॉनिटरिंग में जिले में सड़क दुर्घटना पीड़ितों को इस योजना का लाभ दिलाने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत अस्पतालों से प्राप्त TMS (ट्रॉमा मैनेजमेंट सिस्टम) रिक्वेस्ट पर संबंधित थानों के माध्यम से दुर्घटना की जानकारी का भौतिक और डिजिटल सत्यापन बेहद तेजी से किया जा रहा है।
प्रशासन की इस मुस्तैदी के चलते अब तक 270 से अधिक प्रकरणों पर त्वरित कार्रवाई की गई है, जिससे दुर्घटना में घायलों को समय पर मुफ्त और उच्च गुणवत्तापूर्ण इलाज मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। इस उपलब्धि से सड़क हादसों के पीड़ितों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिली है।


