छत्तीसगढ़

Harit Raipur Initiative : शहर के सौंदर्यीकरण और हरित विकास के लिए नगर निगम की पहल, आयुक्त संबित मिश्रा ने अस्पतालों और उद्योग समूहों से की सहभागिता की अपील

बल्क वेस्ट जनरेटर के रूप में पंजीयन और रेन वाटर हार्वेस्टिंग पर जोर। रायपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सीएसआर और जनभागीदारी का लिया जा रहा सहारा।

Harit Raipur Initiative रायपुर, 5 नवंबर 2026। रायपुर को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित बनाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम मुख्यालय महात्मा गांधी सदन में विभिन्न औद्योगिक संस्थानों, कॉर्पोरेट संगठनों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और स्वयंसेवी संस्थाओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में ‘हरित रायपुर पहल’ के तहत शहर के सार्वजनिक उद्यानों, चौक-चौराहों, ट्रैफिक आइलैंड और रोड डिवाइडरों के विकास व रखरखाव के लिए एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) के जरिए संस्थाओं की सहभागिता को प्रोत्साहित किया गया।

बैठक के दौरान आयुक्त संबित मिश्रा ने शहर के बड़े अस्पतालों, उद्योग समूहों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और एनजीओ से अपील की कि वे केंद्र सरकार के नियमों के तहत ‘बल्क वेस्ट जनरेटर’ की श्रेणी में अपना पंजीयन करवाएं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ रायपुर की परिकल्पना को साकार करने में सभी से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा जताई। इसके साथ ही, शहर में जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए अधिक से अधिक स्थानों पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाने का भी आग्रह किया गया।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

इस उच्चस्तरीय बैठक में नगर निगम रायपुर की अपर आयुक्त उद्यान रुचि शर्मा, उपायुक्त जागृति साहू, डॉ. अंजलि शर्मा, कार्यपालन अभियंता गजाराम कँवर, सहायक अभियंता संस्कार शर्मा, उपअभियंता रुचिका मिश्रा सहित कई संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button