CG Cyber Fraud: पूजा-पाठ और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 85 लाख की ठगी, दुर्ग पुलिस ने आरोपी को इंदौर से दबोचा
भिलाई नगर थाना क्षेत्र का मामला; पारिवारिक समस्याएं दूर करने और मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर महिला को बनाया शिकार

Bol Bharat 24 News- भिलाई/दुर्ग। छत्तीसगढ़ के भिलाई नगर थाना क्षेत्र में पूजा-पाठ के जरिए पारिवारिक परेशानियां दूर करने और शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफा कमाने का लालच देकर एक महिला से करीब 85 लाख रुपये की बड़ी ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपी पवन बधोरिया को मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने पीड़ित महिला को अपने झांसे में लेकर पहले घरेलू और पारिवारिक विवादों को पूजा-पाठ के माध्यम से ठीक करने का दावा किया। इसके बाद उसने महिला का विश्वास जीत लिया और उसे शेयर मार्केट में पैसे निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया। मुनाफे के चक्रव्यूह में फंसकर महिला ने अलग-अलग किश्तों में कुल 85 लाख रुपये आरोपी के खातों में ट्रांसफर कर दिए। रकम ऐंठने के बाद जब आरोपी ने टालमटोल करना शुरू किया, तब महिला को ठगी का एहसास हुआ और उसने भिलाई नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी विश्लेषण और साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन मध्य प्रदेश के इंदौर में ट्रेस की गई। पुलिस टीम ने तत्काल इंदौर में दबिश देकर आरोपी पवन बधोरिया को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लेकर आई है, जहां उससे ठगी गई रकम की बरामदगी और इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के संबंध में कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।



