Wildlife Crime News: मृत भालू के चार नाखून काटकर ले गए आरोपी, डॉग स्क्वॉड की मदद से दो गिरफ्तार

Wildlife Crime News: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के मरवाही वन परिक्षेत्र में मृत भालू के नाखून काटकर ले जाने के मामले में वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भालू के चार नाखून बरामद किए गए हैं। दोनों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
मृत भालू के पंजे से गायब मिले चार नाखून
वन विभाग को 3 सितंबर को मरवाही वृत्त के उसाढ़ परिसर स्थित कक्ष क्रमांक 2035 में भालू के मृत पड़े होने की सूचना मिली थी। टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान पाया कि मृत भालू के पिछले दाएं पंजे के चार नाखून गायब थे। इसके बाद वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।
डॉग स्क्वॉड की मदद से शुरू हुई तलाश
मामले की जांच के लिए वन विभाग की टीम ने डॉग स्क्वॉड की सहायता ली और जंगल व आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान ग्राम बरौर निवासी सुदर्शन यादव (54) और सूरज साहिस (20) को पकड़ा गया। दोनों के पास से भालू के चार नाखून बरामद हुए, जिन्हें वन विभाग ने जब्त कर लिया।
फेफड़ों के संक्रमण से हुई भालू की मौत
वन विभाग के अनुसार, पोस्टमार्टम के दौरान पशु चिकित्सकों ने प्रथम दृष्टया भालू की मौत का कारण तीव्र फेफड़ों का संक्रमण बताया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भालू का विधिवत दाह संस्कार किया गया। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
वन्यजीवों से छेड़छाड़ नहीं करने की अपील
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगल या आसपास किसी वन्यजीव के मृत पाए जाने पर उसके शव या अंगों से छेड़छाड़ न करें। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें। विभाग ने वन अपराध, अवैध शिकार या वन्यजीवों से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी देने की भी अपील की है।



