छत्तीसगढ़

Sand Mining News: हसदेव का जलस्तर घटते ही सीतामणी घाट में अवैध रेत खनन का आरोप, कार्रवाई के दौरान हंगामा

कोरबा के सीतामणी घाट में हसदेव नदी का जलस्तर घटने के बाद अवैध रेत खनन की शिकायत सामने आई। कार्रवाई के दौरान खनिज विभाग की टीम का स्थानीय लोगों ने विरोध किया।

Sand Mining News कोरबा। हसदेव नदी का जलस्तर कम होते ही सीतामणी घाट क्षेत्र में रेत खनन की गतिविधियां बढ़ने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक घाट पर करीब 10 से 15 ट्रैक्टरों के जरिए रेत निकाले जाने की शिकायत है। इसी बीच जेसीबी मशीन से ट्रैक्टरों में रेत लोड किए जाने का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे सीतामणी घाट का बताया जा रहा है।

अवैध खनन की शिकायत मिलने पर खनिज विभाग की टीम शुक्रवार को मौके पर जांच और कार्रवाई के लिए पहुंची। बताया गया कि टीम को देखते ही एक ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर रमेश गली की ओर चला गया। कुछ दूरी पर चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया।

कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने किया विरोध

कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और खनिज विभाग की टीम को घेर लिया। इस दौरान कुछ लोगों ने विभागीय कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए और पैसे के लेन-देन से जुड़े आरोप लगाए। आरोपों के बाद मौके पर कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।

अवैध खनन पर उठे सवाल

सीतामणी घाट में बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों से रेत निकाले जाने की शिकायत और जेसीबी से रेत लोड किए जाने के कथित वीडियो के बाद अवैध खनन पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

खनिज विभाग की टीम द्वारा मौके पर की गई कार्रवाई और बरामद वाहन के आधार पर आगे की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन के सामने अब नदी घाटों पर अवैध रेत खनन पर प्रभावी रोक लगाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की चुनौती है।

Related Articles

Back to top button