Knife Attack: लिफ्ट मांगने को लेकर हुआ विवाद, स्कूटी सवारों ने युवक पर किया चाकू से हमला; इलाज के दौरान मौत
भिलाई के नेहरू नगर चौक में लिफ्ट मांगने को लेकर विवाद के बाद स्कूटी सवार युवकों ने शिव कुमार सिंह पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

Knife Attack भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में लिफ्ट मांगने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सुपेला थाना क्षेत्र के नेहरू नगर चौक में शनिवार रात एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक ने रविवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान कैंप-01 निवासी शिव कुमार सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक शिव अपने दोस्त शिशांत के साथ बाइक से नेहरू नगर चौक पहुंचा था। उसे चिचोला जाना था, जहां वह दुकान चलाता था। रात में उसने चौक पर एक ट्रक को रोककर लिफ्ट लेने की कोशिश की, लेकिन ट्रक नहीं रुका।
इसके बाद शिव ने वहां से गुजर रहे स्कूटी सवार युवकों को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर स्कूटी सवार युवकों ने शिव पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद शिव को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां रविवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है।



