Feature

Raigarh Development News: रायगढ़ की बदलेगी तस्वीर: वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने किया विकास परियोजनाओं का मैराथन निरीक्षण

रिंग रोड, पुल, केलो रिवर फ्रंट, मरीन ड्राइव, ऑक्सीजोन और आधुनिक अधोसंरचना परियोजनाओं को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश

Raigarh Development News रायगढ़। शहर को आधुनिक, सुव्यवस्थित और बेहतर नागरिक सुविधाओं से लैस करने के लिए चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने शुक्रवार को मैराथन निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, गति और निर्धारित समय-सीमा की जानकारी लेते हुए अधिकारियों तथा निर्माण एजेंसियों को काम में तेजी लाने और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत दूध डेयरी ऑक्सीजोन से हुई। इसके बाद ओपी चौधरी ने गोवर्धनपुर में केलो नदी पर बन रहे पुल, खर्राघाट केलो रिवर फ्रंट, नालंदा परिसर, एसईसीएल रोड मरीन ड्राइव, कयाघाट पुल, मिनी स्टेडियम स्थित स्केटिंग रिंग, कौहाकुंडा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, स्टेडियम और एफसीआई ऑक्सीजोन सहित विभिन्न परियोजनाओं का जायजा लिया।

सुनियोजित विकास के लिए बड़े प्रोजेक्ट पर फोकस

वित्त मंत्री ने कहा कि रायगढ़ के विकास में जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, इंजीनियरों और निर्माण एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ काम किया जा रहा है। उद्देश्य सिर्फ निर्माण कार्य पूरा करना नहीं, बल्कि शहर की अधोसंरचना को मजबूत कर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने प्रत्येक परियोजना की नियमित निगरानी और निर्माण में गुणवत्ता मानकों के पालन पर जोर दिया।

औद्योगिक गतिविधियों के लिहाज से रायगढ़ प्रदेश का महत्वपूर्ण शहर है। शहर में बढ़ते औद्योगिक और भारी वाहनों के दबाव के कारण यातायात, दुर्घटनाओं, धूल और प्रदूषण जैसी समस्याएं सामने आती रही हैं। इन चुनौतियों के स्थायी समाधान के लिए सड़क, पुल और अन्य अधोसंरचनात्मक परियोजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।

400 करोड़ से अधिक की रिंग रोड परियोजना

रिंग रोड परियोजना को रायगढ़ के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए ओपी चौधरी ने कहा कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। परियोजना के पहले चरण में घरघोड़ा रोड को झारसुगुड़ा रोड से जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है। इस परियोजना पर 400 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने की संभावना है। उन्होंने भविष्य में रायगढ़ से घरघोड़ा तक सड़क को फोरलेन करने की दिशा में प्रयास किए जाने की बात भी कही।

रिवर फ्रंट, मरीन ड्राइव और ऑक्सीजोन से बदलेगा शहर का स्वरूप

शहर के विकास में केवल सड़क और पुल ही नहीं, बल्कि हरित क्षेत्रों, खेल सुविधाओं और आधुनिक सार्वजनिक स्थलों को भी शामिल किया जा रहा है। केलो रिवर फ्रंट, मरीन ड्राइव, ऑक्सीजोन, नालंदा परिसर और खेल सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं से शहर के स्वरूप में बदलाव आने की उम्मीद है।

ओपी चौधरी ने कहा कि आने वाले एक-दो वर्षों में रायगढ़ के विकास की तस्वीर जमीन पर स्पष्ट दिखाई देगी। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने, निर्माण संबंधी बाधाओं का जल्द समाधान करने और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, इंजीनियर और संबंधित निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button