छत्तीसगढ़

Sports Pride News : राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव का सीएम निवास में भव्य स्वागत

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और आउट ऑफ टर्न DSP पद पर पदोन्नति की करी घोषणा

रायपुर, 3 अगस्त। ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव का आज मुख्यमंत्री निवास में भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ज्ञानेश्वरी को उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने और उन्हें आउट ऑफ टर्न डीएसपी (DSP) पद पर पदोन्नत करने का ऐलान किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ज्ञानेश्वरी ने अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में 53 किग्रा भारोत्तोलन वर्ग में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर यह उपलब्धि हासिल की है। सीमित संसाधनों और कठिन चुनौतियों के बावजूद अंतरराष्ट्रीय मंच पर हासिल की गई यह सफलता पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी की यह ऐतिहासिक उपलब्धि प्रदेश के खेल इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगी और युवाओं तथा बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक अधोसंरचना, बेहतर कोचिंग, आवश्यक संसाधन और हरसंभव प्रोत्साहन देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार का लक्ष्य ऐसा वातावरण तैयार करना है जिससे छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी ओलंपिक, राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों जैसे बड़े मंचों पर तिरंगा लहरा सकें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ज्ञानेश्वरी भविष्य में भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश और प्रदेश का नाम विश्व पटल पर ऊंचा करती रहेंगी।

Related Articles

Back to top button